तसनीम फ़ैसल बने समाजवादी पार्टी के विदर्भ अध्यक्ष
नागपुर/मुंबई। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक अबू आसिम आज़मी साहब ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए मोहम्मद तसनीम फ़ैसल को पार्टी का विदर्भ अध्यक्ष नियुक्त किया है।
तसनीम फ़ैसल की नियुक्ति से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को एकजुट करने तथा समाजवादी विचारधारा को विदर्भ के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर होगी।
पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं ने तसनीम फ़ैसल को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिलेगी और पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मिलकर जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाएंगे।
तसनीम फ़ैसल ने नई जिम्मेदारी मिलने पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक अबू आसिम आज़मी साहब तथा प्रदेश कार्यकारिणी सहित पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के सम्मान को प्राथमिकता देते हुए पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की विचारधारा, सामाजिक न्याय, लोकतंत्र और जनहित के मुद्दों को लेकर संगठन को मजबूती प्रदान करना उनका प्रमुख लक्ष्य रहेगा।
इस नियुक्ति के बाद पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने तसनीम फ़ैसल को शुभकामनाएं दीं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
इस अवसर पर प्रदेश प्रमुख महासचिव परवेज़ सिद्दीकी, अब्दुल रऊफ़, तजम्मुल हुसैन ख़ान आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।


Post a Comment
0 Comments